4/03/2023

नोस्ट्रो (Nostro), वोस्ट्रो (Vostro) या Correspondent bank क्या होता है ?

यदि हम अंतराष्ट्रीय व्यापार की बात करें तो Correspondent bank बहुत ही महत्वपूर्ण होते है। इसमें Correspondent bank किसी दूसरे बैंक के लिए मध्यस्थता का कार्य करता है, जिसके बदले वह कुछ फीस लेता है। Correspondent bank की आवश्यकता तब पड़ती है जब किसी दूसरे देश में अपने देश के बैंक की कोई शाखा नहीं होती। 

इसे ऐसे समझ सकते है, भारत के किसी व्यापारी को रूस के किसी व्यापारी के साथ लेन-देन करना है तो वो अपने बैंक A से रूस के व्यापारी के साथ 3 तरीको से लेन-देन कर सकता है। 

पहला : भारतीय व्यापारी का एकाउंट रूस के बैंक में होना चाहिए।

दूसरा : रूस के व्यापारी का एकाउंट भारत में होना चाहिए।

तीसरा : दोनों में से एक बैंक दूसरे बैंक के लिए Correspondent bank के जैसे काम करे।


तीसरे तरीके के लिए दोनों बैंकों को या किसी एक को दूसरे बैंक में खाता खोलना पड़ेगा और जिस बैंक में एकाउंट खुलेगा वह दूसरे बैंक के लिए ऐजेंट के जैसे काम करेगा।


नोस्ट्रो (Nostro) और वोस्ट्रो (Vostro) एकाउंट क्या है ?

एकाउंट के ये दोनों नाम नजरिये पर केंद्रित है। नोस्ट्रो (Nostro) और वोस्ट्रो (Vostro) दोनों लैटिन शब्द है नोस्ट्रो का अर्थ "हमारा (ours)" होता है। और वोस्ट्रो का अर्थ तुम्हारा (Yours) होता है।

इसे ऐसे समझते है। यदि भारत का कोई बैंक A, रूस के किसी बैंक B में खाता खोलता है तो बैंक A के लिए वह एक नोस्ट्रो खाता होगा और रूस के बैंक B के लिए यह वोस्ट्रो एकाउंट होगा। यह नोस्ट्रो और वोस्ट्रो खाते, विदेशी मूल्यवर्ग में खोले जाते हैं।

यदि कोई व्यक्ति वोस्ट्रो खाते में पैसा जमा करता है तो यह खाताधारक के बैंक में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।


इसकी आवश्यकता क्यों ?

वोस्ट्रो खाते के माध्यम से घरेलू बैंक, वैश्विक बैंकिंग आवश्यकताओं वाले  ग्राहकों को अंतर्राष्ट्रीय बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करते हैं। वोस्ट्रो खाता सेवाओं में वायर ट्रांसफर निष्पादित करना, विदेशी विनिमय करना, जमा और निकासी करना व अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में तेज़ी लाना शामिल है।  


चर्चा में क्यों ?

यूनियन बैंक भारत-मलेशिया व्यापार निपटान के लिए रुपये में विशेष वास्ट्रो खाता खोलने वाला पहला बैंक बन गया है। रूस के सबसे बड़े और दूसरे सबसे बड़े बैंक, क्रमशः Sberbank और VTB Bank - RBI द्वारा 2022 के जुलाई में रुपये में विदेशी व्यापार पर दिशानिर्देशों की घोषणा के बाद अनुमोदन प्राप्त करने वाले पहले विदेशी ऋणदाता हैं। इसके अलावा HDFC बैंक और यूको बैंक सहित कई बैंकों ने मार्च, 2023 तक रुपये में विदेशी व्यापार की सुविधा के लिए 30 विशेष वोस्ट्रो खाते खोले हैं।